TRENDING TAGS :
Etah News: एटा में पीसीएस परीक्षा शुरू, 11 केंद्रों पर 4536 अभ्यर्थी दे रहे हैं परीक्षा
Etah News: एटा जिले में यूपीपीएससी पीसीएस परीक्षा 2025 कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। 11 केंद्रों पर 4536 अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा दे रहे हैं।
Etah News
Etah News: एटा उतर प्रदेश के एटा जनपद में आज रविवार सुबह उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (पीसीएस) की प्रारंभिक परीक्षा जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तैयारी की है। जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4536 परीक्षार्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
सभी परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद हैं। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले सभी परीक्षार्थियों की सघन तलाशी ली जा रही है। किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए मोबाइल, घड़ी, चश्मा सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया है। निधौली कला के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को नगरिया मोड़ और एचपी पेट्रोल पंप के सामने से होकर प्रवेश करने का मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं, जे. इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के लिए नायरा पेट्रोल पंप के पास एफएस डिग्री कॉलेज मार्ग से प्रवेश दिया जा रहा है।
परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की भीड़भाड़ न हो, इसके लिए प्रशासन ने रविवार को एटा की मंडी और अन्य बाजार बंद रखने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल की कड़ी निगरानी में अभ्यर्थियों का प्रवेश कराया जा रहा है।जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग प्रयागराज के अनुसार यह परीक्षा दो सत्रों में पूर्वाह्न 9:30 बजे से 11:30 बजे तक व अपरान्ह 2:30 बजे से 4:30 बजे तक दो पालियों में संपन्न होगी। आने वाले सभी परीक्षार्थियों को कोई परेशानी न हो जिसकी पूर्ण तैयारी की गयी है।


