एटा में काल बनी तेज रफ्तार मैक्स पिकअप, पिता और मासूम बेटा-बेटी की दर्दनाक मौत

Etah News: एटा में बच्चों को दवाई दिलाने जा रहे पिता की बाइक को तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता और दो मासूम बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा।

Sunil Mishra
Published on: 26 Nov 2026 10:06 PM IST
एटा में काल बनी तेज रफ्तार मैक्स पिकअप, पिता और मासूम बेटा-बेटी की दर्दनाक मौत
X

Etah News: जनपद में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है, जहां एक अनियंत्रित मैक्स पिकअप की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हृदयविदारक हादसा कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के उलायतपुर गांव के पास पुराने शिव मंदिर के सामने घटित हुआ। इस घटना के बाद से मृतक के गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम कठौली निवासी तेजवीर शाक्य (30 वर्ष) पुत्र कन्हई लाल अपने दो मासूम बच्चों—बेटी गीता 5 वर्ष और बेटे युवराज 3 वर्ष —को दवाई दिलाने के लिए बाइक से वाहनपुर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे उलायतपुर गांव के समीप पुराने शिव मंदिर के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ को तोड़ते हुए खाई में जा गिरी।

प्रभारी निरीक्षक के के लोधी ने बताया हादसे में बाइक सवार तेजवीर शाक्य ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके दोनों मासूम बच्चे सड़क किनारे गंभीर अवस्था में तड़पते रहे। राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तत्काल तीनों को एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद पिता और दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस दुर्घटना में मैक्स पिकअप का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली देहात पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लिया। पुलिस ने तीनों शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है। एक साथ परिवार की तीन पीढ़ियों के उजड़ जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

वरिष्ठ संवाददाता, एटाetahsunilmishra@newstracksite.vocalwire.com
Next Story