TRENDING TAGS :
Etah News: मतदाता सूची पुनरीक्षण और संविधान दिवस पर दिलाई गई शपथ
Etah News: मंडलायुक्त ओपी आर्य ने बूथों का निरीक्षण कर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों को संविधान के मूल्यों के पालन की शपथ दिलाई।
मतदाता सूची पुनरीक्षण और संविधान दिवस पर दिलाई गई शपथ (Photo- Newstrack)
Etah News: अलीगढ़ मंडलायुक्त ओपी आर्य ने गुरुवार को एटा पहुंचकर मारहरा विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को जरूरी निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम जुड़ने से छूटना नहीं चाहिए। मृतक और स्थायी रूप से दूसरे स्थानों पर जा चुके मतदाताओं के नामों का भी ठीक से सत्यापन कराया जाए।
उन्होंने बताया कि एसआईआर के दौरान नाम कटने और दोबारा नाम नहीं जुड़ने की कोई शिकायत अभी उनके सामने नहीं आई है। बूथों का रेशनलाइजेशन निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार पूरा किया गया है। इस संबंध में राजनीतिक दलों से आपत्तियां भी मांगी गई थीं।
मंडलायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं, संविधान दिवस के मौके पर कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार समेत जिले के सभी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना पढ़ाई और देश की संप्रभुता, एकता व अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान लोकतंत्र की बुनियाद है और हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय व बंधुत्व का अधिकार देता है। उन्होंने अधिकारियों से निष्पक्षता, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ काम करने की अपील की। इस दौरान सभी ने संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने और अपने कर्तव्यों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प लिया। लखनऊ में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।


