Etah News: एटा में दावत में जा रहे युवक को मारी गोली, ग्राम प्रधान समेत छह नामजद

Etah News: एटा में दावत में जा रहे युवक को गोली मारने की घटना से सनसनी फैल गई। मामले में ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Sunil Mishra
Published on: 28 Jun 2026 7:50 PM IST
Etah News
X

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: जनपद के नया गांव थाना क्षेत्र में दावत में शामिल होने जा रहे एक युवक पर सरेराह जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने युवक को रोककर उस पर फायरिंग कर दी, जिससे उसकी पीठ में गोली लग गई। गंभीर हालत में घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में आगरा रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में ग्राम प्रधान समेत छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, नगला गंजी निवासी सौरभ पुत्र ओंकार सिंह अपने दो साथियों के साथ नंदिनी गेस्ट हाउस में आयोजित एक दावत में शामिल होने जा रहे थे। शुक्रवार को जब वह नया गांव थाना क्षेत्र के कूड़ा गांव स्थित सरकारी स्कूल के पास पहुंचे, तभी पहले से मौजूद आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने सौरभ पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली उसकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया। बताया गया है कि उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

घटना के संबंध में घायल के भाई राहुल की तहरीर पर नया गांव थाना पुलिस ने ग्राम प्रधान गजेंद्र पुत्र गिरीश चंद्र, संदीप पुत्र सतीश चंद्र, दिनेश पुत्र आराम सिंह, उपेंद्र पुत्र रामपाल सिंह, राजीव पुत्र वीरभान तथा अखिलेश पुत्र शिव सिंह के विरुद्ध संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को घटी घटना की जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Sunil Mishra
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Mishra

Next Story