Etawah News: विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, डीएम-एसएसपी ने परखा स्ट्रांग रूम

Etawah News: नवीन मंडी परिसर में प्रस्तावित स्ट्रांग रूम का किया निरीक्षण, ईवीएम की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरे, बैरिकेडिंग और प्रवेश-निकास व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश।

Ashraf Ansari
Published on: 29 Nov 2026 8:08 PM IST
Preparations for Assembly elections intensify, DM-SSP tests Strong Room
X

विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, डीएम-एसएसपी ने परखा स्ट्रांग रूम (Photo- Newstrack)

Etawah News: आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को जिलाधिकारी सुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत नवीन मंडी परिसर में प्रस्तावित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने चुनाव के दौरान ईवीएम की सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने स्ट्रांग रूम के लिए प्रस्तावित स्थान की स्थिति देखी और वहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा ईवीएम सुरक्षित रखने के लिए निर्धारित की जाने वाली व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही परिसर में सुरक्षा के लिहाज से जरूरी इंतजामों को लेकर भी चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्ट्रांग रूम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रवेश एवं निकास व्यवस्था को इस तरह व्यवस्थित किया जाए, जिससे अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश रोका जा सके। सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और उनकी निगरानी व्यवस्था भी प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा संबंधी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं में सुरक्षा के सभी मानकों का ध्यान रखा जाए और संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को भी कहा।

इस दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएंगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story