Etawah News: ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने गुमशुदा युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

Etawah News: इटावा के चकरनगर थाना क्षेत्र से लापता मानसिक रूप से कमजोर युवक अभिषेक को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा, परिवार ने जताया आभार।

Ashraf Ansari
Published on: 30 May 2026 5:20 PM IST
Under Operation Muskan, police recovered Gumshuda youth
X

ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने गुमशुदा युवक को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा (Photo- Newstrack)

Etawah News: इटावा में ऑपरेशन मुस्कान एवं ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत थाना चकरनगर पुलिस ने सराहनीय कार्यवाही करते हुए एक गुमशुदा युवक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यशैली की क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।

बहन के घर के लिए निकला था भाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 मई 2026 को थाना चकरनगर क्षेत्र के ग्राम राजपुर निवासी माया देवी पत्नी सोनेलाल ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनका नाती अभिषेक पुत्र केवल (19 वर्ष), जो मानसिक रूप से कमजोर है, 20 मई को अपनी बहन के घर मसूरपुर, थाना बिधूना जनपद औरैया जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

सूचना मिलते ही थाना चकरनगर में गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रामऔतार सिंह और पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर खोजबीन और पूछताछ अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को इटावा शहर में एक युवक दिखाई दिया, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर उसे रोककर पूछताछ की गई।

पुलिस ने युवक को तलाशने में पाई सफलता

पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त और तस्दीक के बाद युवक की पहचान अभिषेक पुत्र केवल निवासी ग्राम राजपुर, थाना चकरनगर के रूप में हुई। इसके बाद उसे सकुशल थाना लाया गया और परिजनों को दूरभाष के माध्यम से सूचना देकर बुलाया गया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अभिषेक को उसकी दादी माया देवी और बाबा सोनेलाल के सुपुर्द कर दिया गया।

अपने नाती को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने इटावा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवता की भावना की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस सफल बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा, उपनिरीक्षक रामऔतार सिंह एवं आरक्षी दीपांशु की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इटावा पुलिस ने एक बार फिर साबित किया कि वह जनसेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए सदैव तत्पर है।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story