TRENDING TAGS :
Etawah News: सीएम योगी के प्रस्तावित इटावा दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा कड़ी
Etawah News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित इटावा दौरे से पहले डीएम और एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को सतर्कता, ट्रैफिक व वीवीआईपी प्रोटोकॉल के पालन के निर्देश दिए।
सीएम योगी के प्रस्तावित इटावा दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा कड़ी (Photo- Newstrack)
Etawah News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित इटावा दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गया है। दौरे की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी शुभ्रान्त शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने नुमाइश पंडाल में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, शाखा प्रभारियों तथा ड्यूटी में लगाए गए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और सतर्कता के साथ करें। सभी थाना प्रभारियों को अपने अधीनस्थ पुलिस बल को समय से ब्रीफ कर निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर तैनात करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग प्वाइंट और जनसभा स्थल सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
एसएसपी ने कहा कि वीवीआईपी सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों और प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाए। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जाएगी और प्रतिबंधित क्षेत्रों में किसी भी अनधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। साथ ही वायरलेस संचार के माध्यम से लगातार संपर्क बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति की तत्काल सूचना उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी निगरानी
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग प्रबंधन तथा एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखते हुए किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में आपदा प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, रिजर्व पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अंत में एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ ड्यूटी निभाने का आह्वान किया।


