TRENDING TAGS :
Etawah News: शादी के कार्ड के नाम पर साइबर ठगी, साइबर पुलिस ने पीड़िता के 5.30 लाख रुपये कराए वापस
Etawah News: इटावा में शादी के कार्ड के नाम पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करते ही महिला के खाते से 5.30 लाख रुपये उड़ गए, साइबर पुलिस ने पूरी रकम वापस कराई।
शादी के कार्ड के नाम पर साइबर ठगी, साइबर पुलिस ने पीड़िता के 5.30 लाख रुपये कराए वापस (Photo- Newstrack)
Etawah News: इटावा में साइबर अपराधियों द्वारा शादी के आमंत्रण पत्र के नाम पर भेजी गई APK फाइल डाउनलोड करवाकर लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। हालांकि इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़िता की पूरी धनराशि 5 लाख 30 हजार रुपये वापस कराकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई की जनपद में सराहना की जा रही है।
जानकारी के अनुसार स्फूर्ति कुशवाहा पत्नी आशीष कुमार निवासी गौशाला रामगंज, थाना कोतवाली इटावा के मोबाइल फोन पर अज्ञात साइबर अपराधी द्वारा शादी के निमंत्रण पत्र के नाम से एक APK फाइल भेजी गई थी। पीड़िता ने अनजाने में उस फाइल को डाउनलोड कर लिया, जिसके बाद साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते तक पहुंच बनाकर 4 मार्च 2026 को कुल 5 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए।
साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता द्वारा थाना साइबर क्राइम इटावा में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना साइबर क्राइम पर मुकदमा अपराध संख्या 10/2026 धारा 318(4) बीएनएस एवं 66D आईटी एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। इसके बाद साइबर पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू करते हुए संबंधित बैंक खातों का विवरण जुटाया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर धनराशि को ट्रेस किया।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई और न्यायालय के आदेश के अनुपालन में रविवार 24 मई 2026 को पीड़िता की पूरी धनराशि 5,30,000 रुपये वापस उनके बैंक खाते में ट्रांसफर करा दी गई। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर पीड़िता ने खुशी जाहिर करते हुए इटावा साइबर क्राइम पुलिस टीम और इटावा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
थाना साइबर क्राइम टीम ने पीड़िता को भविष्य में साइबर ठगी से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी देकर जागरूक भी किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या मोबाइल एप्लीकेशन को डाउनलोड न करें।
पुलिस ने किया अलर्ट
पुलिस के अनुसार यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। उल्लेखनीय है कि साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा 1 जनवरी 2026 से अब तक लगभग 30 लाख रुपये की धनराशि पीड़ितों को वापस कराई जा चुकी है।


