TRENDING TAGS :
Etawah News: डीएम और एसएसपी ने सभी परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
Etawah News: इटावा में यूपी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा 2025 को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए डीएम और एसएसपी ने सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
Etawah News
Etawah News: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 8, 9 और 10 जून 2026 को आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। इटावा जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां तीन दिनों में लगभग 25,632 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, अव्यवस्था या अनुचित गतिविधि पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।बताते चले की 8 जून को आयोजित दोनों पालियों की परीक्षा इटावा पुलिस द्वारा सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई गई थी। प्रशासन को उम्मीद है कि आगामी पालियों की परीक्षाएं भी पूरी निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ संपन्न होंगी।


