TRENDING TAGS :
Etawah News: क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर हुई ठगी, इटावा पुलिस ने वापस कराए 1.35 लाख रुपये
Etawah News: इटावा पुलिस की साइबर सेल ने क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर हुई साइबर ठगी में पीड़ित के 1.35 लाख रुपये वापस कराए। त्वरित कार्रवाई के बाद पीड़ित ने पुलिस टीम का आभार जताया।
Etawah News
Etawah News: इटावा पुलिस की साइबर सेल ने एक बार फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार हुए व्यक्ति की पूरी रकम वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की है। क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगों द्वारा पीड़ित के खाते से निकाले गए 1 लाख 35 हजार 784 रुपये पुलिस की सक्रियता से वापस करा दिए गए। इस कार्रवाई के बाद पीड़ित ने इटावा पुलिस और साइबर सेल टीम का आभार जताया है।जानकारी के अनुसार, थाना बसरेहर क्षेत्र के निवासी अजय कुमार पुत्र रामसुन्दर के साथ 8 मई 2026 को साइबर ठगी की घटना हुई थी। पीड़ित के पास एक कॉल आई, जिसमें फ्रॉडस्टर ने खुद को क्रेडिट कार्ड अधिकारी बताकर कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया। बातों में उलझाकर ठग ने पीड़ित से आवश्यक जानकारी हासिल कर ली और उनके खाते से कुल 1,35,784 रुपये निकाल लिए।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई। मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी इटावा ने साइबर सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद साइबर सेल टीम ने तेजी से तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संबंधित क्रेडिट कार्ड कंपनी तथा पेमेंट गेटवे के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया।लगातार प्रयासों के बाद साइबर सेल ने पीड़ित की पूरी धनराशि 1,35,784 रुपये वापस उसके खाते में ट्रांसफर करा दी। अपने पैसे वापस मिलने पर पीड़ित ने खुशी जाहिर करते हुए इटावा पुलिस की सराहना की और साइबर सेल टीम का विशेष धन्यवाद किया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक लोकेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल विजय कुमार, हेड कांस्टेबल मनीष कुमार तथा कांस्टेबल ब्रजेश गोला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, APK फाइल या कॉल पर भरोसा न करें। किसी भी लालच में आकर अपनी बैंकिंग या कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी होती है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।


