Etawah News: इटावा में साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से यूपीआई फ्रॉड के 70 हजार रुपये वापस मिले

Etawah News: इटावा में साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपीआई फ्रॉड में ठगे गए 70 हजार रुपये पीड़ित को वापस दिलाए। पीड़ित ने एसएसपी और पुलिस टीम की सराहना की।

Ashraf Ansari
Published on: 11 May 2026 7:33 PM IST
Etawah News: इटावा में साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से यूपीआई फ्रॉड के 70 हजार रुपये वापस मिले
X

Etawah News

Etawah News: इटावा में साइबर अपराधों पर लगातार शिकंजा कस रही पुलिस ने एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई है। ऑनलाइन ठगी और यूपीआई फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच साइबर सेल ने महज कुछ ही दिनों में पीड़ित के खाते से निकाले गए पूरे 70 हजार रुपये वापस कराकर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई की अब जिलेभर में सराहना हो रही है। पीड़ित ने भी अपने रुपये वापस मिलने पर इटावा पुलिस और साइबर सेल टीम का आभार व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली क्षेत्र के नखासा निवासी अभिषेक वर्मा पुत्र रामजी लाल के खाते से यूपीआई माध्यम से 70,000 रुपये साइबर ठगों द्वारा निकाल लिए गए थे। घटना के बाद पीड़ित काफी परेशान हो गया और उसने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल यानी एनसीआरपी पोर्टल पर 21 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा ने इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम के मार्गदर्शन में साइबर सेल टीम सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर सेल द्वारा विभिन्न तकनीकी माध्यमों से साक्ष्य जुटाए गए। साथ ही संबंधित बैंक अधिकारियों और पेमेंट गेटवे के नोडल अधिकारियों से लगातार संपर्क कर समन्वय स्थापित किया गया।

साइबर सेल की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के चलते पीड़ित की रकम को एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से होल्ड और लीन कराया गया। पुलिस टीम ने समय रहते पूरी धनराशि को सुरक्षित कर लिया, जिसके बाद 70 हजार रुपये की पूरी रकम वापस पीड़ित के खाते में ट्रांसफर करा दी गई।अपने खाते में वापस रकम आने के बाद पीड़ित अभिषेक वर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यदि समय पर पुलिस सहायता न मिलती तो उसकी मेहनत की कमाई वापस मिलना मुश्किल हो जाता। उन्होंने इटावा पुलिस, एसएसपी और साइबर सेल टीम की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा की।पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - Shalinisingh34678346@gmail.com

Next Story