TRENDING TAGS :
Etawah News: 6 वर्षीय बच्ची से अश्लील हरकत का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
Etawah News: इटावा में 6 वर्षीय बच्ची से अश्लील हरकत के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Etawah News
Etawah News: इटावा में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर सतर्क पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मात्र चार घंटे के भीतर छह वर्षीय बालिका के साथ अश्लील हरकत करने वाले आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 जून 2026 को थाना बकेवर क्षेत्र की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी छह वर्षीय पुत्री घर के पीछे स्थित बाग में अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान गांधी नगर, बकेवर निवासी सफीक पुत्र हबीब खां बच्ची को पानी भरने का बहाना बनाकर बाग में ले गया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा। बच्ची के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही थाना बकेवर पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा संख्या 167/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
गिरफ्तारी के लिए सक्रिय पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम नसीरपुर बोझा से घुघसीना जाने वाले कच्चे मार्ग पर कहीं भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देख आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने और पुलिसकर्मियों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी।पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सफीक पुत्र हबीब खां (उम्र लगभग 30 वर्ष), निवासी गांधी नगर, थाना बकेवर, जनपद इटावा के रूप में हुई है।मुठभेड़ और अवैध हथियार बरामदगी के संबंध में थाना बकेवर में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


