Etawah News: सराफा कारीगर की संदिग्ध मौत, मां ने जुए के 1300 रुपये के विवाद में हत्या का लगाया आरोप

Etawah News: इटावा की कांशीराम कॉलोनी में 26 वर्षीय सराफा कारीगर शिवम का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि जुए में जीते 1300 रुपये को लेकर हुए विवाद में कुछ लोगों ने बेटे के साथ मारपीट की थी।

Ashraf Ansari
Published on: 10 Nov 2026 8:31 PM IST
Etawah News: सराफा कारीगर की संदिग्ध मौत, मां ने जुए के 1300 रुपये के विवाद में हत्या का लगाया आरोप
X

Etawah News

Etawah News: इटावा में पोस्टमार्टम हाउस के पीछे स्थित कांशीराम कॉलोनी में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब 26 वर्षीय सराफा कारीगर का शव उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान ब्लॉक नंबर 9/139 की तीसरी मंजिल पर रहने वाले शिवम के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय शिवम के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर परिजन मौके पर पहुंचे। आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने धक्का देकर गेट खोला। अंदर शिवम की हालत संदिग्ध मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया।मृतक की मां अभिलेष होमगार्ड के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि शिवम सराफा बाजार में कारीगर का काम करता था। मां का आरोप है कि बीती 8 नवंबर को शिवम ने जुए में 1,300 रुपये जीते थे। इसके बाद एक ऑटो चालक समेत दो लोग उससे जीते हुए रुपये मांग रहे थे। शिवम द्वारा रुपये देने से इनकार करने पर दोनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।

परिजनों ने घायल शिवम को जिला अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया था। इलाज के बाद वह कांशीराम कॉलोनी स्थित अपने कमरे पर लौट आया था। मां के मुताबिक, वह फिलहाल लुहन्ना चौराहे के पास रामदास उत्सव गार्डन के निकट किराए के मकान में रहती हैं। उन्होंने पुराने विवाद और मारपीट को बेटे की मौत से जोड़ते हुए हत्या की आशंका जताई है।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी। परिजनों की तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story