TRENDING TAGS :
Etawah News: इटावा में मिशन शक्ति अभियान: महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों के प्रति किया जागरूक
Etawah News: पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में नए आपराधिक कानूनों, सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी; सुरक्षित रहने की अपील।
Etawah Mission Shakti News
Etawah News: इटावा में मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत महिला थाना पुलिस ने महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, साइबर अपराधों से बचाव और नए आपराधिक कानूनों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। रविवार को पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में आए लोगों को विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान महिला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। साथ ही लोगों को साइबर अपराधों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस ने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए और न ही ओटीपी या बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा करनी चाहिए। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर भी जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों ने महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090 और 181 तथा बच्चों की मदद के लिए 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 और 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लिए 1076 तथा उपभोक्ता शिकायतों के लिए 1915 नंबर की जानकारी भी दी गई।
महिला थाना पुलिस ने लोगों को विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में बताया। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को शिक्षा को प्राथमिकता देने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और परिवार तथा मित्रों को भी महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और साइबर अपराधों के प्रति सतर्क करें।


