Etawah News: इटावा में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद वांछित आरोपी गिरफ्तार

Etawah News: इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान वांछित आरोपी सोनू के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त डीसीएम बरामद की गई।

Ashraf Ansari
Published on: 16 Aug 2026 9:24 PM IST
Etawah News: इटावा में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद वांछित आरोपी गिरफ्तार
X

Etawah News

Etawah News: इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने चोरी और पूर्व में हुई पुलिस मुठभेड़ की घटना में वांछित आरोपी सोनू पुत्र कन्हई सिंह निवासी पुरवा फकीरे, थाना सहायल, जनपद औरैया को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त की रात लोहिया नगर निवासी जीतपाल सिंह के निर्माणाधीन मकान से करीब 1.25 कुंतल लोहे का सरिया चोरी कर लिया गया था। इस मामले में 15 अगस्त को थाना बकेवर में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने इससे पहले 15 अगस्त को संदीप उर्फ कल्लू, नईमुद्दीन उर्फ नईम और अशोक कुमार को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा था।16 अगस्त को बकेवर पुलिस लुधियानी से निवाड़ी कलां जाने वाले मार्ग पर लालाराम इंटर कॉलेज तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान निवाड़ी कलां की ओर से एक टाटा डीसीएम आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा।

पुलिस टीम ने पीछा करते हुए दूसरी टीम को भी सूचना दी। खुद को दोनों तरफ से घिरता देख आरोपी ने डीसीएम को कच्चे रास्ते पर उतार दिया और झाड़ियों की आड़ लेकर दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक एंड्राइड मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त टाटा डीसीएम बरामद की है। डीसीएम को मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी सोनू के खिलाफ इटावा के अलग-अलग थानों में हत्या, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ बकेवर थाने में पुलिस मुठभेड़ से संबंधित नया मुकदमा भी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story