TRENDING TAGS :
Etawah News: गोमती एक्सप्रेस की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Etawah News: इटावा में मैनपुरी फाटक के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय गोमती एक्सप्रेस की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार में छाया मातम।
Etawah Gomti Express Accident News
Etawah News: इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत मैनपुरी फाटक के पास सोमवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में 45 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। रेलवे ट्रैक पार करते समय दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही गोमती एक्सप्रेस की चपेट में आने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सुनील यादव उर्फ गुड्डू (45 वर्ष) पुत्र कोमल सिंह निवासी शांति कॉलोनी के रूप में हुई है। बताया गया है कि सोमवार शाम सुनील यादव किसी काम से मैनपुरी फाटक के पास गए थे। इसी दौरान वह रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे, तभी दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार गोमती एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।
घटना की जानकारी पर परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय ले गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।बताया गया है कि सुनील यादव खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे के बाद शांति कॉलोनी सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस घटना से संबंधित अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


