Etawah News: इटावा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक के 50 हजार रुपये हुए वापस, साइबर सेल ने दिलाई राहत

Etawah News: इटावा पुलिस की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति के गलती से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए 50 हजार रुपये शत-प्रतिशत वापस कराए।

Ashraf Ansari
Published on: 3 Jun 2026 9:25 PM IST (Updated on: 3 Jun 2026 9:25 PM IST)
Etawah News:  इटावा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से युवक के 50 हजार रुपये हुए वापस, साइबर सेल ने दिलाई राहत
X

Etawah News: इटावा पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक व्यक्ति के गलती से दूसरे खाते में ट्रांसफर हुए 50 हजार रुपये शत-प्रतिशत वापस करा दिए गए। इस सराहनीय कार्यवाही से पीड़ित को बड़ी राहत मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा के निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को त्वरित सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से साइबर सेल टीम लगातार प्रभावी कार्यवाही कर रही है।

जानकारी के अनुसार, के सहसों क्षेत्र स्थित बल्लो की गढ़िया निवासी रामकरन सिंह ने थाना चकरनगर में एक प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके द्वारा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान त्रुटिवश 50 हजार रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के बैंक खाते में ट्रांसफर हो गए थे। रकम ट्रांसफर होने के बाद उन्होंने संबंधित व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई संपर्क स्थापित नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चकरनगर पुलिस और साइबर सेल टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा के नेतृत्व में साइबर सेल ने विभिन्न तकनीकी माध्यमों से साक्ष्य जुटाए और संबंधित बैंक अधिकारियों तथा पेमेंट गेटवे के नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया। लगातार प्रयासों और प्रभावी कार्यवाही के परिणामस्वरूप शिकायतकर्ता की पूरी धनराशि 50 हजार रुपये वापस कराई गई।

रुपये वापस मिलने के बाद शिकायतकर्ता रामकरन सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए इटावा पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता के कारण उन्हें समय रहते उनकी मेहनत की कमाई वापस मिल सकी।

इस अभियान में प्रभारी निरीक्षक बलराम मिश्रा और कांस्टेबल दीपांशु सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन लेन-देन करते समय बैंक खाते का विवरण और प्राप्तकर्ता की जानकारी सावधानीपूर्वक जांच लें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होते हैं तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story