Etawah News: सपा की मासिक बैठक में पदाधिकारियों को निर्देश, यूथ संगठनों की सप्ताहभर में बनाने को कहा

Etawah News: इटावा में सपा की मासिक बैठक में पदाधिकारियों को संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए गए। यूथ संगठनों की कमेटी एक सप्ताह में बनाने को कहा गया।

Ashraf Ansari
Published on: 16 Aug 2026 6:31 PM IST
Etawah News
X

Etawah News(Photo-Social Media)

Etawah News: इटावा के सिविल लाइन स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में जिला अध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू की अध्यक्षता में जिला कार्यसमिति की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक की शुरुआत वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की जयंती पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। जिला अध्यक्ष ने उनके जीवन और देश के लिए किए गए योगदान पर प्रकाश डाला।

इसके बाद जिला महासचिव वीरभान सिंह भदौरिया वीरू के संचालन में कार्यसमिति की बैठक शुरू हुई। उन्होंने राष्ट्रीय और प्रांतीय नेतृत्व से प्राप्त परिपत्रों को पढ़कर सुनाया और उनके अनुपालन के लिए पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला अध्यक्ष प्रदीप शाक्य बबलू ने पदाधिकारियों की बैठक में उपस्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि जो पदाधिकारी लगातार तीन बैठकों में शामिल नहीं होंगे, उनके स्थान पर नए और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पद हासिल करने के बाद संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग नहीं ले रहे हैं। ऐसे पदाधिकारियों को चिन्हित कर उनकी सूची प्रदेश कार्यालय भेजी जाएगी।

उन्होंने यूथ संगठनों की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। कहा कि कई यूथ संगठनों की नियमित बैठकें नहीं हो रही हैं और उनकी कमेटियां भी जिला कार्यालय में उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर जिला, विधानसभा, ब्लॉक और नगर कमेटियों का गठन कर सूची कार्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए। विधानसभा, ब्लॉक और नगर अध्यक्षों को नियमित बैठकें आयोजित करने को भी कहा गया।

जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची का गहन परीक्षण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं के नाम मतदाता सूची में नहीं हैं, उनके फार्म-6 भरकर ऑनलाइन कराए जाएं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम जनता के साथ सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील करते हुए कहा कि अभद्रता की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में इटावा से भाजपा विधायक सरिता भदौरिया द्वारा सपा के यूथ पदाधिकारियों के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के प्रयोग और प्रशासन पर दबाव बनाकर मुकदमे दर्ज कराने के आरोपों की निंदा की गई। बैठक में भरथना विधायक राघवेंद्र गौतम, कमलेश चंद यादव, सर्वेश शाक्य, उदयभान सिंह यादव, आशीष राजपूत, रवींद्र शुक्ला, विक्की गुप्ता, सीमा यादव, किशन यादव, नरेंद्र पाल, राजेंद्र निराला, सुनील यादव समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story