TRENDING TAGS :
Etawah News: एसएसपी ने की अपराध समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के दिए निर्देश
Etawah News: इटावा में एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने अपराध समीक्षा बैठक कर लंबित विवेचनाओं, अपराध नियंत्रण, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और जनशिकायतों के निस्तारण को लेकर पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
Etawah News
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपराध गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया। इस दौरान जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
अपराध गोष्ठी के दौरान एसएसपी ने जिले में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा की और अपराधों की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी मामलों की जांच समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए। साथ ही वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने तथा जनसुनवाई से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में आईजीआरएस शिकायतों, जनशिकायतों, ई-साक्ष्य ऐप, सीसीटीएनएस प्रणाली, एफआईआर लिंकिंग, आई-रेड पोर्टल के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों के प्रबंधन, ट्रैफिक व्यवस्था, एन-स्टेप एवं ई-समन तामिला की समीक्षा भी की गई। एसएसपी ने ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने के प्रयासों को और मजबूत करने के निर्देश दिए।इसके अतिरिक्त गैंगस्टर एक्ट एवं गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए अपराधियों पर निरंतर निगरानी रखने और उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा उनका त्वरित समाधान करने के लिए कहा।
अपराध गोष्ठी से पूर्व आयोजित सैनिक सम्मेलन में पुलिस कर्मियों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सुना गया। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों के कल्याण, अनुशासन, कार्यकुशलता और बेहतर कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर भी बल दिया इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


