Etawah News: इटावा में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, 1.25 कुंतल सरिया बरामद

Etawah News: इटावा के बकेवर में सरिया चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 1.25 कुंतल सरिया, अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए।

Ashraf Ansari
Published on: 15 Aug 2026 8:29 PM IST
Etawah News: इटावा में पुलिस मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, 1.25 कुंतल सरिया बरामद
X

Etawah News

Etawah News: इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से हुई सरिया चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर पकड़ लिया। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी झाड़ियों का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त को लोहिया नगर निवासी जीतपाल सिंह ने थाना बकेवर में तहरीर देकर बताया था कि 14 अगस्त की रात उनके निर्माणाधीन मकान से करीब 1.25 कुंतल लोहे का सरिया चोरी कर लिया गया। मामले में मुकदमा संख्या 239/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर बकेवर पुलिस संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गौतमपुरा नहर पुल के पास पुलिस को सूचना मिली कि चार लोग टिर्री में सवार होकर महेबा की ओर से आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर टिर्री को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि टिर्री सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।

जवाबी कार्रवाई में नईमुद्दीन के दाहिने पैर और संदीप के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं अशोक कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप उर्फ कल्लू निवासी सुभाष नगर, नईमुद्दीन उर्फ नईम निवासी आजाद नगर नई बस्ती और अशोक कुमार निवासी आनंदनगर, इटावा के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध तमंचे 315 बोर, छह जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, दो एंड्राइड मोबाइल, एक कीपैड फोन, चोरी का 1.25 कुंतल सरिया और घटना में प्रयुक्त टिर्री बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने 14 अगस्त की रात हीरो एजेंसी के पास निर्माणाधीन मकान से सरिया चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी संदीप का पहले से आपराधिक इतिहास भी है, जिसमें हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं।मामले में थाना बकेवर पर आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपी सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story