TRENDING TAGS :
Etawah News: पुलिस मॉडर्न स्कूल में वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, बच्चों को किया सम्मानित
Etawah News: इटावा रिजर्व पुलिस लाइन स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल में वामा सारथी के तत्वावधान में वार्षिकोत्सव मनाया गया। विजेता बच्चों को पुरस्कार मिले।
Etawah News: इटावा में पुलिस मॉडर्न स्कूल, रिजर्व पुलिस लाइन में शनिवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 का वार्षिकोत्सव समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन (वामा सारथी) के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह में वामा सारथी की अध्यक्षा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की पत्नी रीना श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस मॉडर्न स्कूल के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षकों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से विद्यार्थी जीवन में सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
वार्षिकोत्सव के दौरान पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं और पुलिस परिवार के बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को वामा सारथी की अध्यक्षा रीना श्रीवास्तव ने प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना विकसित करना तथा उन्हें खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह, प्रतिसार निरीक्षक सुभाष यादव, पुलिस मॉडर्न स्कूल के प्रधानाचार्य अभिषेक सक्सेना सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


