Etawah News: पुलिस की बहादुरी से बची 8 वर्षीय मासूम की जान, जलते मकान से सुरक्षित निकाला बाहर

Etawah News : इटावा में कोतवाली पुलिस ने साहस दिखाते हुए जलते मकान से 8 वर्षीय बालक को सुरक्षित निकाला, एसएसपी के निर्देशन में बड़ी दुर्घटना टली।

Ashraf Ansari
Published on: 13 Jun 2026 3:13 PM IST
Etawah News: पुलिस की बहादुरी से बची 8 वर्षीय मासूम की जान, जलते मकान से सुरक्षित निकाला बाहर
X

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए एक 8 वर्षीय बालक की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई और मासूम बालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जून 2026 को थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि रामलीला रोड स्थित राजपूत कॉलोनी में एक मकान में भीषण आग लग गई है। सूचना में यह भी बताया गया कि एक छोटा बच्चा मकान के अंदर फंसा हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक मुकेश कुमार, उप निरीक्षक सर्वेश कुमार सचान, कांस्टेबल कृष्णवीर सिंह तथा कांस्टेबल रंजीत कुमार ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना धुएं और आग से घिरे मकान में प्रवेश किया। पुलिस टीम ने अंदर फंसे 8 वर्षीय शिवा पुत्र देवेन्द्र राठौर निवासी राजपूत कॉलोनी, रामलीला रोड को सकुशल बाहर निकाल लिया।

बालक को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया और स्थिति को सुरक्षित बनाया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जितेन्द्र बाथम के घर में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई थी, जिससे पूरे मकान में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

यदि पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो घटना गंभीर रूप ले सकती थी और जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। पुलिस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के कारण एक मासूम की जान बच गई तथा बड़ा हादसा टल गया।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story