TRENDING TAGS :
Etawah News: इटावा में नहर में कूदी महिला, पुलिस ने जान पर खेलकर बचाया; पारिवारिक विवाद से थी परेशान
Etawah News: इटावा के लवेदी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद से परेशान महिला ने नहर में छलांग लगा दी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
Etawah News
Etawah News: इटावा में पुलिस की तत्परता और साहस से एक महिला की जान बचा ली गई। लवेदी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रपुर नहर में एक महिला ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या के इरादे से छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए नहर में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से टल गया।घटना 19 अगस्त की शाम करीब 5:35 बजे की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना लवेदी पुलिस टीम चंद्रपुर नहर पुल पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम की नज़र एक महिला पर पड़ी। पुलिस कुछ समझ पाती, उससे पहले ही महिला ने अचानक नहर में छलांग लगा दी।महिला के नहर में कूदते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस टीम ने अपनी जान की परवाह किए बिना नहर के तेज बहाव में उतरकर महिला को तलाशना शुरू किया और कुछ ही देर में उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से महिला की जान बच सकी।पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर महिला ने अपना नाम सुधा सिंह पत्नी स्वर्गीय राकेश सिंह (निवासी: ग्राम व थाना लवेदी, जिला इटावा) बताया। महिला ने बताया कि वह पारिवारिक और घरेलू क्लेश के कारण मानसिक रूप से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाने का प्रयास किया।
महिला को सुरक्षित बचाने के बाद पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को सूचित किया। पुलिस ने फोन के माध्यम से महिला के पुत्र दिलीप सिंह को घटना की जानकारी देकर मौके पर बुलाया। इसके बाद पुलिस टीम ने महिला की काउंसलिंग की और उसे धैर्य रखने व मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी।आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के उपरांत पुलिस ने महिला को उसके पुत्र दिलीप सिंह के सुपुर्द कर दिया, जिसके बाद वे सकुशल घर लौट गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस तत्परता और साहसिक कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


