TRENDING TAGS :
इटावा हाईवे पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पति की मौत, पत्नी जिंदगी की जंग लड़ रही
Etawah News: इटावा में भीषण सड़क हादसा! आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंदा। पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल।
Etawah News: इटावा जिले में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवार को पलभर में उजाड़ दिया। बिरारी गांव के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी और पति ट्रक के नीचे आ गया। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, स्टेट बैंक करहल, मैनपुरी निवासी नरेश अपनी पत्नी राजो देवी के साथ बाइक से पुरवरायां एक रिश्तेदार की गमी में शामिल होने जा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब वे बिरारी गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नरेश उछलकर ट्रक के नीचे जा गिरे, जिससे उनका शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गर्दन धड़ से अलग हो गई। उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, टक्कर के बाद राजो देवी सड़क किनारे दूर जा गिरीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही इकदिल थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।


