TRENDING TAGS :
Etawah News: इटावा में सपा का प्रदर्शन, अखिलेश यादव की पुत्री पर टिप्पणी मामले में कार्रवाई की मांग
Etawah News: इटावा में समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित अभद्र टिप्पणियों के विरोध में ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
Etawah News
Etawah News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के संबंध में सोशल मीडिया पर की जा रही कथित अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणियों के विरोध में समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य ‘बबलू’ के नेतृत्व में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि पिछले दो-तीन दिनों से सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अखिलेश यादव की पुत्री के विरुद्ध आपत्तिजनक, असत्य और अमर्यादित टिप्पणियां प्रसारित की जा रही हैं। सपा नेताओं का आरोप है कि कुछ असामाजिक एवं अराजक तत्व सुनियोजित षड्यंत्र के तहत इन टिप्पणियों को पोस्ट और शेयर कर रहे हैं, जिससे उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि इस प्रकार की गतिविधियां न केवल व्यक्तिगत मानहानि की श्रेणी में आती हैं, बल्कि समाज में वैमनस्य और असामाजिक वातावरण उत्पन्न करने का भी प्रयास हैं। पार्टी नेताओं ने आशंका जताई कि ऐसे कृत्यों से सामाजिक समरसता प्रभावित हो सकती है तथा समाज में गलत संदेश जा सकता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित इन पोस्टों से समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी रोष व्याप्त है।
सपा नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित सभी आपत्तिजनक पोस्टों को तत्काल हटाया जाए तथा पोस्ट करने और उन्हें साझा करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी व्यक्ति या परिवार की गरिमा को ठेस पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।ज्ञापन सौंपने के दौरान सांसद जितेंद्र दोहरे, जिला महासचिव वीरभान सिंह भदौरिया ‘वीरू’, उदयभान सिंह यादव, लाखन सिंह जाटव, सर्वेश शाक्य, अनिल प्रताप यादव ‘गुड्डू’, रवींद्र शुक्ला, अनवार हुसैन, आशीष राजपूत, विक्की गुप्ता, संतोष राजपूत, प्रवीण कुशवाहा, दीपी सिंह, फरहान शकील, रामवीर सिंह यादव, उमेश राजपूत, राकेश यादव समेत बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


