TRENDING TAGS :
Etawah News: पुलिस परिवारों की सेहत का ख्याल, इटावा में वामा सारथी ने लगाया स्वास्थ्य शिविर
Etawah News: होम्योपैथी-एलोपैथी जांच के साथ बांटी गई निःशुल्क दवाएं, सैकड़ों लोगों ने लिया लाभ
Etawah News
Etawah News: इटावा जिले में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) की ओर से रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में एक दिवसीय होम्योपैथी मेडिकल कैंप, एलोपैथिक मेडिकल कैंप एवं वामा वेलनेस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। वामा सारथी की अध्यक्षा श्रीमती रीना श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने भाग लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन टीम इटावा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, प्रभारी वामा सारथी तथा आयुष विभाग उत्तर प्रदेश के सहयोग से आयोजित इस शिविर में अनुभवी होम्योपैथी चिकित्सकों और प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के एलोपैथिक डॉक्टरों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनकर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक दवाओं का वितरण किया।
शिविर में सर्दी-खांसी, जोड़ों का दर्द, त्वचा रोग, पाचन संबंधी समस्याएं और तनाव जनित विकारों सहित कई सामान्य बीमारियों की जांच और उपचार किया गया। पुलिसकर्मियों की कठिन ड्यूटी और अनियमित जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए उन्हें संतुलित दिनचर्या अपनाने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सलाह भी दी गई। होम्योपैथी विशेषज्ञों ने प्राकृतिक एवं कम दुष्प्रभाव वाली चिकित्सा पद्धति के लाभ बताए, जबकि एलोपैथिक चिकित्सकों ने समय पर इलाज और सावधानी बरतने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
कैंप के दौरान शुगर, ब्लड प्रेशर समेत अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की गई। इसके अलावा आई ड्रॉप, जलने, कटने और अन्य सामान्य बीमारियों में उपयोगी एलोपैथिक दवाओं का भी निःशुल्क वितरण किया गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन टीम, चिकित्सकों और सहयोगी स्टाफ ने सफलतापूर्वक किया।आयोजकों ने बताया कि वामा सारथी संगठन पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य, कल्याण और जागरूकता के लिए लगातार ऐसे शिविर आयोजित करता रहेगा, ताकि पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


