TRENDING TAGS :
Etawah News: वंदे भारत में बिना टिकट सवार हुए 12 लोग, इटावा में उतारकर वसूला जुर्माना
Etawah News: कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में बिना टिकट सवार हुए 12 लोग ऑटोमेटिक गेट बंद होने के कारण ट्रेन में ही फंस गए। ट्रेन स्टाफ की सूचना पर वंदे भारत को इटावा जंक्शन पर रुकवाया गया।
Etawah News
Etawah News: इटावा में कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर रविवार को उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब 12 लोग बिना टिकट वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार हो गए। ट्रेन के ऑटोमेटिक गेट बंद होने के कारण सभी लोग अंदर ही फंस गए। ट्रेन चलने के बाद जब उन्हें उतरने का मौका नहीं मिला तो कुछ लोगों ने हंगामा भी किया। ट्रेन स्टाफ की सूचना पर रेलवे अधिकारियों ने ट्रेन को इटावा जंक्शन पर रुकवाया। यहां सभी 12 लोगों को उतारकर रेलवे ने उनसे जुर्माना वसूला।
जानकारी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 22415 बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार सुबह कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंची थी। इस दौरान कुछ लोग अपने रिश्तेदारों को ट्रेन में छोड़ने के लिए अंदर तक चले गए। इसी बीच ट्रेन के ऑटोमेटिक दरवाजे बंद हो गए। दरवाजे बंद होने के कारण वे लोग ट्रेन से बाहर नहीं निकल सके। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। ट्रेन रवाना होने के बाद यात्रियों ने उतरने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान कुछ लोगों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा भी किया।मामले की जानकारी ट्रेन स्टाफ ने टूंडला कंट्रोल को दी। सूचना मिलने के बाद रेलवे अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुबह 10:49 बजे वंदे भारत एक्सप्रेस को इटावा जंक्शन पर रुकवाया। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही स्टेशन अधीक्षक पीएम मीना, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों ने ट्रेन में सवार सभी 12 लोगों को नीचे उतरवाया और आरपीएफ पोस्ट पर ले गए। यहां रेलवे की ओर से उनके टिकट बनाए गए और नियमानुसार जुर्माना वसूला गया। पकड़े गए लोगों ने सफाई देते हुए बताया कि वे अपने रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए ट्रेन के अंदर गए थे, लेकिन इसी दौरान ऑटोमेटिक गेट बंद हो जाने से बाहर नहीं निकल पाए और ट्रेन में ही रह गए।रेलवे अधिकारियों ने सभी को भविष्य में बिना टिकट ट्रेन में प्रवेश नहीं करने की हिदायत दी। जुर्माना वसूलने और आवश्यक कार्रवाई के बाद सभी को छोड़ दिया गया।


