Etawah: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार, बाइकें बरामद

Etawah में पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, कई चोरी की बाइकें बरामद

Ashraf Ansari
Published on: 6 Jun 2026 2:03 PM IST
Etawah: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार, बाइकें बरामद
X

Etawah News

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में अपराध एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सैफई पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, नौ मोटरसाइकिल चेसिस, अवैध हथियार तथा मोटरसाइकिल काटने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 5-6 जून 2026 की रात थाना सैफई पुलिस रकूइया नहर पुल के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिलों पर सवार होकर ग्राम कुर्रा की ओर से हवाई पट्टी की तरफ आ रहे हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों अमन मंसूरी पुत्र राजू खान निवासी कुर्रा, मैनपुरी तथा सुग्रीव पुत्र राकेश निवासी रतीभानपुर, मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीजीआई सैफई, आसपास के क्षेत्रों और अन्य जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी की गाड़ियों के इंजन, चेसिस और अन्य महत्वपूर्ण पार्ट्स बदलकर उन्हें बेच दिया जाता था, जबकि बाकी सामान कबाड़ में बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नगला चैनसुख के जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर गिरोह के दो अन्य सदस्यों जुनैद पुत्र इब्राहिम निवासी औरैया तथा प्रमोद कुमार उर्फ पप्पू पुत्र महावीर सिंह निवासी मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की अन्य मोटरसाइकिलें, कटी हुई चेसिस, पेट्रोल टंकियां, साइलेंसर तथा मोटरसाइकिल काटने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सैफई में संबंधित धाराओं एवं आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामदगी में पांच मोटरसाइकिलें, नौ चेसिस, पांच पेट्रोल टंकियां, दो साइलेंसर, दो अवैध चाकू, एक तमंचा, दो कारतूस, ग्राइंडर, बैटरियां तथा अन्य औजार शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों के संबंध में भी जांच जारी है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story