Etawah News: इटावा में फर्जी ‘एग्रो मार्ट’ कंपनी का पर्दाफाश, 7.10 करोड़ के लेनदेन का खुलासा

Etawah News: इटावा में फर्जी ‘एग्रो मार्ट’ कंपनी का पुलिस ने पर्दाफाश किया। जांच में 7.10 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ।

Ashraf Ansari
Published on: 11 Aug 2026 6:30 PM IST
Etawah News
X

Etawah News(Photo-Social Media)

Etawah News: इटावा में साइबर फ्रॉड करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर सेल और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी कंपनी ‘एग्रो मार्ट’ की आड़ में किसानों और अनाज व्यापारियों से ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से ठगी में इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, फर्जी दस्तावेज, सिमकार्ड, फर्म की मोहर, अनाज के सैंपल और XUV 700 कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे CyVazra अभियान के तहत की गई। प्रतिबिम्ब पोर्टल से मिली शिकायतों की जांच में सामने आया कि जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के कई व्यापारी इस गिरोह के निशाने पर थे। पीड़ितों ने अनाज खरीद के लिए INDIA MART पर अपने मोबाइल नंबर रजिस्टर कराए थे। गिरोह के सदस्य इन नंबरों पर कॉल कर उचित दर पर मक्का, सरसों और अन्य अनाज उपलब्ध कराने का झांसा देते थे।

गिरोह का सरगना प्रतीक सक्सेना कूटरचित दस्तावेजों और फर्जी पहचान के जरिए करीब पांच कंपनियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के माध्यम से व्यापारियों से संपर्क करता था। गिरोह के सदस्य खुद को कंपनी का कर्मचारी या प्रोपराइटर बताकर अलग-अलग बैंकों में करीब 20 चालू खाते खुलवाते थे। इसके बाद अनाज की सप्लाई के नाम पर व्यापारियों से 50 से 60 प्रतिशत रकम एडवांस में जमा कराई जाती थी। रकम मिलने के बाद उसे चेक और एटीएम के जरिए निकाल लिया जाता था और फिर अतिरिक्त पैसे की मांग की जाती थी।

जांच में इन संदिग्ध बैंक खातों में करीब 7 करोड़ 10 लाख रुपये के लेनदेन का पता चला है। वहीं, एनसीआरपी पोर्टल पर गिरोह के खिलाफ करीब 25 शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें लगभग 45 लाख रुपये की ठगी का उल्लेख है। पुलिस के मुताबिक, शिकायत करने पर आरोपियों द्वारा पीड़ित व्यापारियों को जान-माल का नुकसान पहुंचाने और शव गायब करने तक की धमकी दी जाती थी।

पुलिस ने लुहन्ना चौराहा से ग्वालियर तिराहे की ओर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें प्रतीक सक्सेना, विकास, आकाश बाथम और प्रवेश कुमार शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से पांच कंप्यूटर सिस्टम, एक लैपटॉप, दो प्रिंटर, 13 मोबाइल फोन, करीब 2000 विजिटिंग कार्ड, नौ डायरियां, छह सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, डेबिट कार्ड, आधार-पैन कार्ड समेत कूटरचित दस्तावेज बरामद किए हैं। इसके अलावा मक्का, सरसों और दलिया के सैंपल भी मिले हैं। ठगी से अर्जित XUV 700 कार को भी सीज किया गया है। पुलिस टीम के इस सराहनीय कार्य पर एसएसपी इटावा ने 25 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story