TRENDING TAGS :
Etawah News: हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब के साथ चार तस्कर गिरफ्तार, 132 बोतलें और स्विफ्ट कार बरामद
Etawah News: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की 132 बोतलों के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एक स्विफ्ट कार भी बरामद की गई। आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई जारी है।
Etawah News(Photo-Social Media)
Etawah News: इटावा जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जसवंतनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार से हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब की 132 बोतलें बरामद करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान शराब के परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस टीम ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए कार को कब्जे में लिया और उसमें सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कार से कुल 132 बोतल हरियाणा मार्का अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसे अवैध रूप से उत्तर प्रदेश में लाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीगढ़ निवासी पिंटू पुत्र धनपाल सिंह तथा बिहार के मोतिहारी और पूर्वी चंपारण जिलों के रहने वाले सरोज पासवान, राहुल कुमार और आर्यन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
बरामदगी में 132 बोतल अंग्रेजी शराब, परिवहन में प्रयुक्त एक स्विफ्ट कार, दो ट्रॉली बैग, तीन बैग तथा चार मोबाइल फोन शामिल हैं। इस संबंध में थाना जसवंतनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इटावा पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


