TRENDING TAGS :
Etawah News: बक्से के अंदर मिला गार्ड का शव, हत्या की आशंका
Etawah News: इटावा की कांशीराम कॉलोनी में बंद कमरे के बक्से से 55 वर्षीय गार्ड का शव मिला, पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
बक्से के अंदर मिला गार्ड का शव, हत्या की आशंका (Photo- Newstrack)
Etawah News: इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा में टीबी अस्पताल की कांशीराम कॉलोनी में रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बंद कमरे में रखे बक्से के अंदर 55 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान श्याम सुंदर कठेरिया के रूप में हुई है, जो शुभम होटल में गार्ड की नौकरी करते थे। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ चुका था और कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
चार दिनों से बंद था कमरा, दुर्गंध बढ़ने पर हुआ शक
मामला टीबी अस्पताल की कांशीराम कॉलोनी के ब्लॉक नंबर 14 का है। यहां रहने वाली हसीना बेगम पत्नी मोहम्मद इरफान ने बताया कि पड़ोसी का कमरा पिछले करीब चार दिनों से बंद था। शनिवार को कमरे से दुर्गंध आने लगी थी। शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद कमरे में कोई चूहा मर गया है, लेकिन रविवार को दुर्गंध और तेज हो गई। इसके बाद उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर तलाशी लेने पर एक बक्से में व्यक्ति का शव मिला। शव की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी मौत कई दिन पहले हुई होगी। घटना की जानकारी फैलते ही कॉलोनी में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सभी पहलुओं पर जांच
एसपी सिटी बबीता सिंह ने बताया कि ब्लॉक नंबर 14 में बंद कमरे से दुर्गंध आने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया, जहां बक्से के अंदर शव बरामद हुआ। फोरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मृतक की बेटी भी लापता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस के अनुसार, श्याम सुंदर कठेरिया के साथ उनकी बेटी भी रहती थी, लेकिन घटना के बाद से उसका पता नहीं चल सका है। बेटी के लापता होने को ध्यान में रखते हुए पुलिस उसके बारे में भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मौत की असली वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। जांच और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


