Etawah News: चोरी का 48 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Etawah News: इटावा के इकदिल स्थित छात्रावास में चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा। मोबाइल, मशीनें और 20,100 रुपये नकद बरामद किए गए।

Ashraf Ansari
Published on: 29 Oct 2026 4:55 PM IST
Theft revealed in 48 hours, three accused arrested
X

चोरी का 48 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार (Photo- Newstrack)

Etawah News: इटावा जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने छात्रावास में हुई चोरी की घटना का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन, ड्रिल मशीन, पत्थर काटने की मशीन समेत अन्य सामान और 20,100 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

श्री गणेश छात्रावास में हुई थी चोरी

पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को इकदिल थाना क्षेत्र के चोरवरी रोड स्थित श्री गणेश छात्रावास में चोरी की घटना हुई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद इकदिल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना का खुलासा करने और आरोपियों को पकड़ने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार तलाश में जुटी हुई थी।

मुखबिर की सूचना पर तीनों आरोपी गिरफ्तार

इसी क्रम में 28 और 29 अक्टूबर की रात इकदिल पुलिस मानिकपुर मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि छात्रावास में चोरी की घटना में शामिल आरोपी ग्वालियर बाईपास रोड पर राधिका स्टेट गेट के पास चोरी के सामान के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव निवासी सौरभ (28), इकदिल थाना क्षेत्र के मुसावली गांव निवासी नीरज पांडेय (29) और मनोज तिवारी (38) के रूप में हुई है।

मोबाइल, मशीनें और नकदी बरामद

पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन, ड्रिल मशीन, पत्थर काटने की मशीन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, पीठू बैग, कपड़े, गमछा और चश्मा बरामद किया। इसके अलावा 20,100 रुपये नकद भी मिले। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बरामद सामान और नकदी को छात्रावास से चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई।

दो आरोपियों पर पहले से भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार, सौरभ और नीरज पांडेय के खिलाफ पहले से चोरी, धोखाधड़ी, मादक पदार्थ और अवैध शस्त्र समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में इकदिल पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story