TRENDING TAGS :
Etawah News: स्वतंत्रता दिवस को लेकर इटावा पुलिस अलर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सघन चेकिंग
Etawah News: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर इटावा में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग, पैदल गश्त और डॉग स्क्वाड से जांच की गई।
Etawah News
Etawah News: इटावा में स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में शुक्रवार को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर व्यापक सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। एसएसपी ने डॉग स्क्वाड, एएस चेक टीम और पुलिस बल के साथ विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड सहित सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की सघन चेकिंग की। डॉग स्क्वाड की मदद से भी विभिन्न स्थानों पर जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए। पुलिस टीमों को नियमित गश्त और चेकिंग अभियान जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस ने महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को परखा। साथ ही आने-जाने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की ओर से आमजन से अपील की गई है कि किसी भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। अफवाहों पर ध्यान न दें और स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में शांतिपूर्ण तरीके से भाग लें।पुलिस का कहना है कि जनपद में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए सुरक्षा प्रबंध लगातार जारी रहेंगे। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रखा गया है। सुरक्षा अभियान के दौरान क्षेत्राधिकारी नगर इटावा श्री अवनीश कुमार सिंह, थाना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक, थाना सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


