TRENDING TAGS :
Etawah News: बलरई पुलिस ने जुआ खेलते 6 आरोपियों को दबोचा, 67,600 रुपये और वाहन बरामद
Etawah News: इटावा के बलरई थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेल रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया। कब्जे से 67,600 रुपये नकद और वाहन बरामद।
Etawah News: इटावा जनपद में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलरई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 67 हजार 600 रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, चार मोटरसाइकिल, एक स्कूटर और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में जुआ खेलने वालों में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 नवंबर 2026 को थाना बलरई पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम दौंदुआ में सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रविन्द्र पुत्र पान सिंह भदौरिया (58), कपूर चन्द्र पुत्र जगन्नाथ (42), अवनीश कुमार पुत्र रामकिशुन (40), यतेन्द्र पुत्र रामजीलाल (32) और गोविन्द सिंह पुत्र रामनरेश (30), सभी निवासी ग्राम दौंदुआ एवं बलरई थाना बलरई, तथा यतेन्द्र उर्फ अवधेश पुत्र सुरेशपाल सिंह (42) निवासी जौनई थाना जसवंतनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से जुए की फड़ पर रखे 56 हजार रुपये और आरोपियों की जामा तलाशी में मिले 11 हजार 600 रुपये सहित कुल 67 हजार 600 रुपये बरामद किए। इसके अलावा पांच मोबाइल फोन, चार मोटरसाइकिल, एक स्कूटर, एक गमछा और 52 ताश के पत्ते भी कब्जे में लिए गए।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बलरई में मुकदमा अपराध संख्या 47/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह सहित उपनिरीक्षक शेर सिंह और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे


