TRENDING TAGS :
Etawah News: घर में फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
Etawah News: मड़ैया शिवनारायण में 24 वर्षीय सुधा का शव मिला। मायके पक्ष ने पति और ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया।
घर में फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप (Photo- Newstrack)
Etawah News: इटावा के कोतवाली क्षेत्र के मड़ैया शिवनारायण में गुरुवार दोपहर एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर पंखे के कुंडे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई और साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मायके पक्ष ने पति और ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने और मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतका की पहचान 24 वर्षीय सुधा पत्नी टिंकू के रूप में हुई है। पड़ोसी सुनीता देवी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब सवा तीन बजे सुधा का 14 वर्षीय भाई आशुतोष घर पहुंचा। उस समय दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरह अंदर पहुंचने पर उसने बहन का शव पंखे के कुंडे से साड़ी के फंदे पर लटका देखा। यह देखकर उसकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
मृतका की बड़ी बहन आशा ने बताया कि चार बहनों और दो भाइयों में सुधा चौथे नंबर की थी। उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान करते थे। उसके साथ मारपीट की जाती थी। इतना ही नहीं, पति उसे बहनों से बातचीत करने और मायके जाने से भी रोकता था। मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि सुधा ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है।
बताया गया कि घटना के समय पति पल्लेदारी करने गया हुआ था, जबकि सास पिछले तीन दिनों से शादी समारोहों में पूड़ी बनाने के काम से घर से बाहर थी। सूचना पर सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह और कोतवाली प्रभारी राजकुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कराया। पुलिस का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


