Etawah News: 2 घंटे में हत्या का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी और तमंचा बरामद

Etawah News: पुलिस ने हत्या की वारदात का महज दो घंटे में खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और अवैध तमंचा बरामद किया गया। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Ashraf Ansari
Published on: 28 July 2026 6:09 PM IST
Etawah News
X

Etawah News(Photo-Social Media)

Etawah News: इटावा पुलिस ने थाना बकेवर क्षेत्र में हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात का महज दो घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और डंडा, एक अवैध .315 बोर तमंचा, तीन जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार मंगलवार 28 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि थाना बकेवर क्षेत्र के ग्राम चिकनी में एक व्यक्ति की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां मृतक की पहचान विनय पुत्र रामस्वरूप निवासी ग्राम चिकनी के रूप में हुई। परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के ही रामकुमार उर्फ गुड्डू पुत्र स्वर्गीय रामनरेश ने विनय के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या की और मौके से फरार हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसी दौरान थाना बकेवर पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। पुलिस को सूचना मिली कि हत्या के बाद फरार आरोपी ग्राम नसीरपुर बोझा से घुघसीना जाने वाले मार्ग पर मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने खुद को घिरा देखकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायर किया, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने ही विनय की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या की थी। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और डंडा, एक अवैध .315 बोर तमंचा, तीन जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में थाना बकेवर में मुकदमा संख्या 218/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story