Etawah News: पुलिस और हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Etawah News: इटावा में पुलिस और हिस्ट्रीशीटर के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।

Ashraf Ansari
Published on: 19 May 2026 1:19 PM IST
Etawah News
X

Etawah News(Photo-Social Media)

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मंगलवार को मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान आरओआईपी के माध्यम से सूचना मिली कि दतावली नहर पुल पर एक व्यक्ति ने वहां खड़े युवक को टक्कर मारने के बाद विरोध करने पर तमंचा दिखाकर धमकाया और लोकासाई नहर पुल की ओर भाग गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और लोकासाई नहर पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।

जिसके कुछ देर बाद ही एक बाइक सवार युवक दतावली पुल की ओर से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी शिवम वाल्मीकि पुत्र मुन्नालाल निवासी पंसारी टोला थाना कोतवाली, इटावा के दाहिने पैर में गोली लग गई।

जहां पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की। आरोपी के खिलाफ थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार शिवम वाल्मीकि थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, छिनैती, आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थ तस्करी समेत कुल 17 मुकदमे दर्ज हैं।

Anjali Soni

Anjali Soni

Mail ID - theanjalisonisoni111@gmail.com

Next Story