TRENDING TAGS :
Etawah News: एसएसपी ने परेड की सलामी लेकर किया पुलिस लाइन का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा
Etawah News: इटावा में एसएसपी ने साप्ताहिक परेड की सलामी लेने के बाद पुलिस लाइन का निरीक्षण किया और सुरक्षा व प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
Etawah News(Photo-Social Media)
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस बल की कार्यक्षमता को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक शुक्रवार परेड की सलामी ली और विभिन्न शाखाओं एवं व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
परेड के दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की शारीरिक एवं मानसिक दक्षता को मजबूत बनाए रखने के लिए जवानों से दौड़ लगवाई तथा विभिन्न प्रकार के व्यायाम कराए। इसके साथ ही अनुशासन, समन्वय और एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल भी कराई गई। उन्होंने पुलिस बल को सदैव फिट एवं सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 पीआरवी वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहनों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरण, फर्स्ट एड किट तथा अन्य आवश्यक संसाधनों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उपकरणों की नियमित साफ-सफाई, उचित रखरखाव और प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
इसके बाद एसएसपी ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित मेस का निरीक्षण कर साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मेस संचालन से जुड़े कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त एमटी शाखा का निरीक्षण करते हुए वाहनों की स्थिति, रखरखाव, अभिलेखों और आवश्यक उपकरणों की जांच की गई। फायर सर्विस कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया तथा सभी वाहनों को हर समय क्रियाशील और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर में स्थित पुलिसकर्मियों के आवासों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, रखरखाव और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। परेड समाप्त होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन आदेश कक्ष में विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया। साथ ही अर्दली रूम आयोजित कर पुलिस कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।


