Etawah News: ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले सिंडिकेट का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार

Etawah News: इटावा में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले सिंडिकेट का पर्दाफाश, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

Ashraf Ansari
Published on: 4 Oct 2026 4:23 PM IST
Etawah News
X

Etawah News(Photo-Social Media)

Etawah News: इटावा में पुलिस ने ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग साइटों के जरिए लोगों को करोड़ों रुपये की ठगी का शिकार बनाने वाले अंतरजनपदीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी, एक अभियुक्ता और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से ठगी से अर्जित 15 लाख रुपये नकद समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और एक स्कॉर्पियो बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 4 अक्टूबर को सिविल लाइन क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि ऑनलाइन गेमिंग के जरिए ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य काले रंग की स्कॉर्पियो से इटावा हाईवे होते हुए कानपुर की ओर जा रहे हैं। सूचना पर बाइस ख्वाजा तिराहे के पास चेकिंग बढ़ाई गई। इसी दौरान स्कॉर्पियो को रोककर तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान पुलिस को 15 लाख रुपये नकद, चार मोबाइल फोन, डेल कंपनी का लैपटॉप, बैंक चेकबुक, विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट मिले। इसके अलावा महादेव गेम, लोटस गेम, MY99 और MY REDDY 99 जैसी ऑनलाइन गेमिंग व बेटिंग साइटों से जुड़ा डेटा, गेम आईडी, पासवर्ड, क्यूआर कोड, ग्राहकों की सूची और करोड़ों रुपये के डिजिटल लेनदेन से संबंधित जानकारी भी बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को कम समय में रकम दोगुनी-तिगुनी करने का लालच देता था। इसके बाद व्हाट्सऐप और अन्य ग्रुप के जरिए गेमिंग आईडी व पासवर्ड भेजे जाते थे। फर्जी क्यूआर कोड और म्यूल बैंक खातों में रकम जमा कराई जाती थी। निकासी मांगने पर आईडी ब्लॉक कर दी जाती थी और पूरी रकम हड़प ली जाती थी।

पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य सरगना सुमित साहू है, जो फर्जी सिम, शाखाओं के संचालन और धनराशि के बंटवारे का प्रबंधन करता था। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गिरफ्तार आरोपी प्रांजल राय झांसी का रहने वाला है। मामले में बीएनएस, आईटी एक्ट और जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम को एसएसपी इटावा ने 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story