Etawah News: पुलिस का अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, 16 डम्पर-ट्रक सीज, 20 लाख से अधिक शमन शुल्क वसूला

Etawah News: इटावा में पुलिस ने अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर कार्रवाई करते हुए 16 डम्पर-ट्रक सीज किए और 20.56 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला।

Ashraf Ansari
Published on: 24 May 2026 9:42 PM IST
Police takes massive action on illegal mining
X

पुलिस का अवैध खनन पर बड़ा एक्शन, 16 डम्पर-ट्रक सीज, 20 लाख से अधिक शमन शुल्क वसूला (Photo- Newstrack)

Etawah News: इटावा जनपद में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और बिना वैध परमिट के वाहन संचालन के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 16 डम्पर और ट्रकों को सीज किया, जबकि 14 वाहनों का चालान किया गया। साथ ही कुल 20 लाख 56 हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध खनन और नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।


10 डम्पर और ट्रकों को सीज किया गया

इसी क्रम में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र के नेतृत्व में थाना बकेवर, ऊसराहार, चौबिया, भरथना और वैदपुरा क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना बकेवर क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 डम्पर और ट्रकों को सीज किया गया तथा 15 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं थाना ऊसराहार क्षेत्र में 4 डम्पर-ट्रक सीज किए गए और 1 लाख 21 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।


थाना चौबिया क्षेत्र में 1 डम्पर सीज करने के साथ 5 वाहनों का चालान किया गया तथा 3 लाख 70 हजार रुपये का शमन शुल्क लिया गया। थाना भरथना क्षेत्र में 1 वाहन सीज कर 3 वाहनों का चालान किया गया और 25 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। इसके अलावा थाना वैदपुरा क्षेत्र में 6 ट्रक और डम्परों का चालान कर 40 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।


पुलिस की अपील

पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि बिना वैध प्रपत्र और परमिट के वाहन संचालन न करें। साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Publisher Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Experienced Hindi Journalist with 6 Years of Experience

Next Story