TRENDING TAGS :
Etawah News: पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैरों में लगी गोली
Etawah News: इटावा में पुलिस मुठभेड़ के दौरान हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की है।
Etawah News(Photo-Social Media)
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में अपराध और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बकेवर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर सागर उर्फ शिवम के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसके साथी मोनू के एक पैर में गोली लगी। दोनों घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से चोरी का गला हुआ सोना-चांदी, नकदी, अवैध तमंचे, कारतूस और चोरी की वारदात में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को थाना बकेवर पुलिस नगला बरी विशुनामई तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवक पुलिस को देखकर भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने ग्राम सैदपुर कला की ओर भागने का प्रयास किया, लेकिन दूसरी पुलिस टीम ने रास्ता घेर लिया। खुद को चारों तरफ से घिरता देख बदमाशों ने दोबारा फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। इस दौरान सागर उर्फ शिवम और मोनू घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी रोहित और अभिषेक मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 20 ग्राम गला हुआ सोना, 200 ग्राम गला हुआ चांदी, 6000 रुपये नकद, हथौड़ा, कटर, प्लास, सब्बल, दो तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस, छह खोखा कारतूस और एक होंडा सीडी-110 मोटरसाइकिल बरामद की। पूछताछ में अभियुक्तों ने बकेवर क्षेत्र में बंद मकानों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हिस्ट्रीशीटर सागर उर्फ शिवम पर हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट, पॉक्सो और गैंग से जुड़े करीब 19 मुकदमे दर्ज हैं। फरार अभियुक्तों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।


