TRENDING TAGS :
Etawah News: इटावा पुलिस ने शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
Etawah News: इटावा पुलिस ने शहीद जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, वीर जवानों के बलिदान को किया नमन।
Etawah News(Photo-Social Media)
Etawah News: इटावा में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर को रिजर्व पुलिस लाइन में शहीद स्मारक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने कर्तव्यपालन के दौरान वीरगति प्राप्त करने वाले पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों के अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के सम्मान में सलामी और शोक प्रदर्शन किया गया। एसएसपी ने वीर पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उनकी शौर्यगाथाओं से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पुलिस के आधिकारिक एंथम ‘खाकी का सितारा’ का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। यह गीत पुलिस बल के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, त्याग और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना को दर्शाता है।
पुलिस स्मृति दिवस का ऐतिहासिक महत्व भी है। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के घात लगाकर किए गए हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 10 जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं वीर जवानों के बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
पुलिस ने शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए नागरिकों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर बबीता सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष कुमार सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने शहीद पुलिसकर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण रखने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।


