TRENDING TAGS :
Etawah News: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बनाई रणनीति
Etawah News: यातायात माह के तहत एएसपी बाबिता सिंह ने आठ थानों की टीमों के साथ बैठक की। दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर निगरानी और सुरक्षा उपाय बढ़ाने के निर्देश दिए।
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बनाई रणनीति (Photo- Newstrack)
Etawah News: इटावा में यातायात माह नवंबर-2026 के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर बाबिता सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में ZFD (जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट) स्कीम के अंतर्गत गोष्ठी आयोजित की। इसमें जनपद के आठ क्रिटिकल थानों की क्रिटिकल कॉरिडोर टीमों के प्रभारी और सदस्य शामिल हुए।
बैठक में जसवंतनगर, फ्रेंड्स कॉलोनी, इकदिल, बकेवर, सैफई, चौबिया, भरथना और ऊसराहार थानों की टीमों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान संबंधित टीमों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अब तक किए गए प्रयासों और कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने दुर्घटनाओं के कारणों, संवेदनशील स्थानों और यातायात व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर बाबिता सिंह ने अधिकारियों और टीम सदस्यों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर वहां आवश्यक निरोधात्मक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। ऐसे स्थानों पर यातायात प्रबंधन को मजबूत बनाया जाए, जिससे वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही यातायात नियमों का पालन कराने और सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए संबंधित टीमें आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और चिह्नित दुर्घटना संभावित स्थलों पर लगातार निगरानी रखें। पुलिस का उद्देश्य सड़क हादसों और उनमें होने वाली जनहानि को कम करना है।
गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी यातायात रामगोपाल शर्मा, प्रभारी निरीक्षक यातायात संजय सिंह सहित यातायात पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


