TRENDING TAGS :
Etawah News: पत्नी के मायके रहने से तनाव में युवक, घर के कमरे में मिला शव, पुलिस की जांच जारी
Etawah News: इटावा के टकपुरा गांव में सोनू यादव का शव घर के कमरे में मिला। पत्नी तीन महीने से मायके में रह रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पत्नी के मायके रहने से तनाव में युवक, घर के कमरे में मिला शव, पुलिस की जांच जारी (Photo- Newstrack)
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में चौबिया थाना क्षेत्र के टकपुरा गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी पिछले तीन महीने से अपने मायके में रह रही थी, जिसको लेकर वह तनाव में रहता था। बुधवार शाम युवक ने अपने घर के कमरे में फंदा लगा लिया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
ससुराल से लौटने के बाद कमरे में बंद हुआ युवक
मृतक की पहचान टकपुरा गांव निवासी सोनू यादव पुत्र हरगोविंद के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम करीब छह बजे सोनू अपनी ससुराल नगला कामले से लौटकर घर पहुंचा था। उस समय परिवार के सभी सदस्य खेत पर काम करने गए हुए थे। सोनू ने अपनी बाइक घर के दरवाजे पर खड़ी की और अंदर जाकर एक कमरे का दरवाजा बंद कर लिया।
खेत से लौटे परिजनों ने खिड़की से देखा
कुछ देर बाद जब परिवार के लोग खेत से काम करके वापस लौटे तो उन्हें घर के दरवाजे पर सोनू की बाइक खड़ी दिखाई दी। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों को शक हुआ। उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो सोनू छत के कुंडे से साड़ी के सहारे लटका हुआ था। यह देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत कमरे का दरवाजा तोड़ा और सोनू को नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सोनू की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया।
तीन साल पहले हुई थी शादी, एक साल का बेटा
परिजनों के मुताबिक, सोनू की शादी करीब तीन साल पहले पूनम के साथ हुई थी। दोनों का एक वर्षीय बेटा भी है। सोनू के पिता हरगोविंद ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले तीन महीने से मायके में रह रही थी। इस वजह से सोनू तनाव में रहता था। हालांकि, युवक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है। घटना के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


