Etawah News: एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने परेड की सलामी ली, पुलिस लाइन में निरीक्षण कर दिए आवश्य

Etawah News: एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर निरीक्षण किया। उन्होंने अनुशासन, स्वच्छता, प्रशिक्षण और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Ashraf Ansari
Published on: 3 July 2026 1:28 PM IST
Etawah News
X

Etawah News(Photo-Social Media)

Etawah News: इटावा जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पुलिस बल को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने परेड की सलामी लेने के बाद पुलिस लाइन का विस्तृत निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड के दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने और उन्हें मानसिक रूप से फिट रखने के लिए दौड़ लगवाई गई। इसके साथ ही अनुशासन, समन्वय और एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल भी कराई गई। पुलिस लाइन में तैनात जवानों के अलावा विभिन्न शाखाओं और कार्यालयों में नियुक्त पुलिसकर्मियों ने भी परेड और शारीरिक व्यायाम में भाग लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने यूपी-112 पीआरवी वाहनों की स्थिति की भी जांच की। उन्होंने वाहनों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरण, फर्स्ट एड किट और अन्य आवश्यक संसाधनों का निरीक्षण कर उनकी नियमित साफ-सफाई, रखरखाव और समय पर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में सभी संसाधन पूरी तरह कार्यशील रहने चाहिए।

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित मेस का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही एमटी शाखा का निरीक्षण कर पुलिस वाहनों की स्थिति, अभिलेखों और आवश्यक उपकरणों की जांच की। इस दौरान फायर सर्विस ऑफिस, बैडमिंटन हॉल, जिम और पुलिस क्लब का भी निरीक्षण किया गया।

जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस बल द्वारा बलवा ड्रिल का भी अभ्यास कराया गया। अभ्यास के दौरान पुलिसकर्मियों को भीड़ नियंत्रण, दंगा जैसी परिस्थितियों से निपटने की रणनीति और सुरक्षा उपायों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। परेड समाप्त होने के बाद एसएसपी ने पुलिस लाइन के आदेश कक्ष में विभिन्न रजिस्टरों और अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा पुलिसकर्मियों का अर्दली रूम कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीशचंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष सिंह, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

asrafansarietw62@gmail.com
Next Story