Etawah News: सूबेदारगंज-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग से मचा हड़कंप

Etawah News: इटावा के भरथना स्टेशन पर वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस के एसी कोच से धुआं निकलने पर अफरा-तफरी मच गई, रेलवे की सतर्कता से बड़ा हादसा टला।

Ashraf Ansari
Published on: 8 May 2026 8:44 PM IST
Subedarganj-Shri Mata Vaishno Devi Katra Express from brake binding collision
X

सूबेदारगंज-श्री माता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस में ब्रेक बाइंडिंग से मचा हड़कंप (Photo- Newstrack)

Etawah News: इटावा: दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सूबेदारगंज से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही 20433 सूबेदारगंज-एसवीडीके एक्सप्रेस के एक कोच से अचानक धुआं निकलने लगा। ट्रेन के एसी कोच एम-1 के पहियों के पास से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई कर ट्रेन को भरथना रेलवे स्टेशन पर आपात स्थिति में रोक दिया।

कोच से धुआं निकलने से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, ट्रेन के ट्रैकमैन ने सबसे पहले कोच से धुआं निकलता देखा और इसकी सूचना स्टेशन अधीक्षक को दी। इसके बाद स्टेशन अधीक्षक ने लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर तीन की अप मेन लाइन पर रुकवाया। लोको पायलट ने भी इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को सुरक्षित तरीके से रोक दिया।

ट्रेन रुकते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि कोच के नीचे ब्रेक बाइंडिंग की वजह से धुआं निकल रहा था। तकनीकी टीम ने सात फायर सेफ्टी सिलेंडरों की मदद से ब्रेक बाइंडिंग वाले हिस्से को ठंडा कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसी दौरान कोच में लगा फायर सायरन भी बजने लगा, जिससे यात्रियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। एहतियात के तौर पर यात्रियों को कोच से नीचे उतार लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। करीब 30 मिनट तक ट्रेन भरथना स्टेशन पर खड़ी रही। इस दौरान रेल यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए पीछे आ रही तीन सुपरफास्ट ट्रेनों को लूप लाइन से निकाला गया।

रेल मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल

बाद में ट्रेन को इटावा रेलवे स्टेशन लाया गया, जहां रेलवे की तकनीकी टीम ने दोबारा गहन जांच की। करीब 15 मिनट तक निरीक्षण के बाद ट्रेन को सुरक्षित मानते हुए श्री माता वैष्णो देवी कटरा के लिए रवाना कर दिया गया। घटना के चलते कुछ समय तक रेल मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि रेलवे की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - skgautam1208@gmail.com

Next Story