TRENDING TAGS :
Etawah News: पुलिस लाइन में वामा सारथी का स्वास्थ्य शिविर, पुलिसकर्मियों को मिली चिकित्सा सेवाएं
Etawah News: इटावा पुलिस लाइन में वामा सारथी की ओर से स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित, पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को चिकित्सा सेवाएं मिलीं।
Etawah News(Photo-Social Media)
Etawah News: इटावा में वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन, परिसर में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन वामा सारथी की अध्यक्षा रीना श्रीवास्तव, धर्मपत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, के निर्देशन में किया गया। इसमें होम्योपैथी मेडिकल कैंप, एलोपैथिक मेडिकल कैंप और वामा वेलनेस कैंप लगाए गए।
शिविर में पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन टीम, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, प्रभारी वामा सारथी तथा आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों ने शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
चिकित्सकों और विशेषज्ञ टीम ने शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर सहित अन्य जरूरी जांच की गईं। जांच के आधार पर जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क होम्योपैथिक और एलोपैथिक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा आई ड्रॉप तथा जलने और कटने जैसी सामान्य चोटों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं का भी वितरण किया गया।
शिविर में सर्दी-खांसी, जोड़ों के दर्द, त्वचा संबंधी समस्याओं, पाचन तंत्र से जुड़ी परेशानियों और तनाव से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर चिकित्सकों ने परामर्श दिया। विशेषज्ञों ने पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित जीवनशैली अपनाने तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। आयोजकों के अनुसार शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवारों को उनके कार्यस्थल के निकट बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और समय पर स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान में मदद करना रहा।
वामा सारथी की ओर से बताया गया कि पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य तथा जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए इस तरह की गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं। शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सकों, विशेषज्ञों और सहयोगी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस परिवारों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा मिलने पर आयोजन को उपयोगी बताया। प्रतिभागियों को आवश्यक सावधानियों, उपचार और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।


