TRENDING TAGS :
Etawah News: युवक हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, मृतक की बाइक बरामद
Etawah News: सैफई क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मृतक की बाइक बरामद की। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
युवक हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, मृतक की बाइक बरामद (Photo- Newstrack)
Etawah News: इटावा के थाना सैफई क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मृतक की बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार हत्या आपराधिक षड्यंत्र के तहत की गई थी। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक फिरोजाबाद जनपद के थाना एका क्षेत्र के गांव जहाँनपुर निवासी वंशीराम ने 3 जुलाई को थाना सैफई में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई कुलदीप 16 जून 2026 से लापता था। उसकी गुमशुदगी थाना एका में दर्ज कराई गई थी। बाद में 29 जून को सैफई क्षेत्र में 18 जून को मिले अज्ञात शव की पहचान फोटो और कपड़ों के आधार पर कुलदीप के रूप में हुई। परिजनों ने रंजीत यादव, पिन्टू और प्रशान्त यादव उर्फ तनू पर हत्या का आरोप लगाया, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना सैफई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रुकैया नहर पुल के पास वाहन चेकिंग के दौरान मिली सूचना पर अपाचे मोटरसाइकिल से जा रहे पिन्टू और प्रशान्त यादव उर्फ तनू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश का खुलासा किया।
आरोपियों ने बताया कि उनके साथी रंजीत यादव के मृतक की पत्नी से कथित संबंध होने के कारण दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
इसी रंजिश में तीनों ने मिलकर कुलदीप की हत्या की योजना बनाई। 16 जून को उसे अपने साथ ले जाकर पहले शराब पिलाई और फिर सैफई क्षेत्र में सेंगर नदी किनारे ग्राम लरखौर के पास ले जाकर मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को गड्ढे में छिपा दिया तथा मृतक की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से मृतक की मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।


