Fatehpur में दहेज उत्पीड़न का आरोप, पति समेत सात पर केस दर्ज

Fatehpur News: प्लॉट और दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता ने मारपीट और तीन तलाक देने का आरोप लगाया। एसपी से शिकायत के बाद सात ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज।

Ramchandra Saini
Published on: 26 Nov 2026 5:55 PM IST
Dowry harassment charges filed against seven
X

Fatehpur में दहेज उत्पीड़न का आरोप, पति समेत सात पर केस दर्ज (Photo- Newstrack)

Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, मारपीट करने और तीन तलाक देकर घर से निकालने का मामला सामने आया है। बिंदकी थाना क्षेत्र के जोनिहा गांव की रहने वाली विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

शादी में दिए थे आठ लाख रुपये, फिर भी की अतिरिक्त मांग

विवाहिता के मुताबिक, उसकी शादी 29 नवंबर 2020 को कल्याणपुर थाना क्षेत्र के चंदनपुर गांव निवासी इरफान खान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी में उसके पिता रसीद खान ने अपनी हैसियत के अनुसार आठ लाख रुपये दान-दहेज दिया था। आरोप है कि ससुरालीजन इससे संतुष्ट नहीं थे और एक प्लॉट के साथ दो लाख रुपये अतिरिक्त मांगने लगे। मांग पूरी करने के लिए पिता ने बीच में 25 हजार और 85 हजार रुपये पति को दिए, लेकिन इसके बाद भी प्रताड़ना बंद नहीं हुई।

बेटे के जन्म के बाद भी जारी रहा उत्पीड़न

शिकायत में बताया गया है कि अतिरिक्त दहेज नहीं मिलने पर ससुरालीजन विवाहिता के साथ मारपीट करते और उसे शारीरिक व मानसिक यातनाएं देते थे। सामाजिक मर्यादा के चलते वह सबकुछ सहती रही। 15 जनवरी 2024 को उसने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद ससुराल लौटने पर भी उसके साथ व्यवहार नहीं बदला और उत्पीड़न जारी रहा।

जेवर छीनकर बच्चे समेत घर से निकालने का आरोप

विवाहिता का आरोप है कि 27 जुलाई 2026 को शाम करीब पांच बजे ससुरालियों ने उसका स्त्रीधन और जेवर छीन लिए। इसके बाद उसे बच्चे समेत मारपीट कर केवल पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया गया। आरोप है कि पति ने चरित्रहीनता का झूठा आरोप लगाकर तीन तलाक दिया और दूसरी शादी करने के साथ जिंदगी बर्बाद करने की धमकी भी दी। शिकायत में 26 अगस्त 2026 को भी अन्य ससुरालियों के इशारे पर पति द्वारा तीन तलाक देने का जिक्र किया गया है।

पति समेत सात लोग नामजद

पुलिस में दर्ज प्राथमिकी में पति इरफान खान, ससुर मुनीर, जेठानी नगमा, जेठ इमरान, देवर रेहान, ननद रेहाना और नंदोई तनबीर को नामजद किया गया है। विवाहिता ने सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Ramchandra Saini
ABOUT THE AUTHOR

Ramchandra Saini

वरिस्ठ संवाददाता फतेहपुरramchandrasaini@newstracksite.vocalwire.com
Next Story