TRENDING TAGS :
Fatehpur News: बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए 100 दिवसीय अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंचेगा जागरूकता रथ
Fatehpur News: फतेहपुर को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए प्रशासन ने 100 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी ने प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
Fatehpur News
Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बाल विवाह की कुप्रथा से पूरी तरह मुक्त बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने कमर कस ली है।इसी क्रम में आज जिलाधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता प्रचार रथ को रवाना किया।यह विशेष जन-जागरूकता अभियान आज से प्रारंभ होकर आगामी 8 मार्च (अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस) तक पूरे 100 दिनों तक निरंतर चलेगा।इस दौरान प्रचार रथ जिले के विभिन्न विकासखंडों, ग्राम पंचायतों,विद्यालयों और ग्रामीण समुदायों के बीच जाकर आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करेगा।
कार्यक्रम के दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन की परियोजना समन्वयक नीरू पाठक ने अभियान की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जनपद में बाल विवाह से जुड़ी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं,जो एक गंभीर चिंता का विषय है। इसी को ध्यान में रखते हुए शासन के निर्देशानुसार जन-जन तक जागरूकता का संदेश पहुंचाने के लिए इस रथ को संचालित किया गया है।उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य समाज में ऐसी चेतना विकसित करना है, जिससे लोग न तो स्वयं बाल विवाह करें और न ही अपने आसपास इसे होने दें। यह पहल वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हेल्पलाइन पर दें सूचना,गोपनीय रहेगी पहचान
जिला प्रशासन और चाइल्ड हेल्पलाइन ने जनपदवासियों से इस मुहिम में सक्रिय सहयोग की अपील की है।अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी क्षेत्र में बाल विवाह होने की जानकारी या शिकायत मिलती है, तो नागरिक बिना किसी भय के तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1098, 112 या 181 पर सूचना दे सकते हैं।सूचना प्राप्त होते ही प्रशासन और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर त्वरित एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगी।प्रशासन ने यह भी आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और किसी के भी सामने उजागर नहीं की जाएगी।


